सरगुजा

एचपीवी टीकाकरण कैंप का मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया शुभारंभ
06-Apr-2026 9:03 PM
एचपीवी टीकाकरण कैंप का मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया शुभारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर,6 अप्रैल। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से शासन द्वारा शुरू किए गए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के तहत सोमवार को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विकासखंड स्तरीय टीकाकरण कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. प्रसाद के मार्गदर्शन में आयोजित इस कैंप में अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात मंत्री राजेश अग्रवाल ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में एचपीवी टीकाकरण अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान 14 वर्ष आयु वर्ग की पांच बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा मरीजों को फल वितरित किए।

साथ ही अस्पताल का निरीक्षण करते हुए क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर लखनपुर के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. प्रसाद सहित अस्पताल के अन्य स्टाफ एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट