सरगुजा

छत्तीसगढ़ में पुलिसिंग सुधार, ट्रैफिक नियमों पर सख्ती और नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास की जरूरत- डीजीपी
04-Apr-2026 11:24 PM
छत्तीसगढ़ में पुलिसिंग सुधार, ट्रैफिक नियमों पर सख्ती और नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास की जरूरत- डीजीपी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,4 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुणदेव गौतम ने सरगुजा प्रवास के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सभी रेंज के पुलिस अधीक्षकों और राजपत्रित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अपराध नियंत्रण, थाना स्तर की कार्यप्रणाली और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई।

उन्होंने बताया कि सरगुजा जैसे विस्तृत ग्रामीण क्षेत्रों में कई बार पुलिस की निगरानी प्रभावी रूप से नहीं पहुंच पाती। ऐसे में पारंपरिक पुलिसिंग के तरीकों और पुराने व्यावहारिक टूल्स पर फिर से ध्यान देने की आवश्यकता महसूस की गई। विशेष रूप से डीएसपी स्तर के अधिकारियों को अपने क्षेत्र की गहन जानकारी रखने और थाना स्तर पर सूक्ष्म पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीजीपी ने कहा कि पुलिस अधीक्षकों को नियमित निरीक्षण और गांवों का भ्रमण करने के लिए कहा गया है, साथ ही समुदाय के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर जोर दिया गया है। इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए आईजी स्तर पर लगातार समीक्षा के निर्देश भी दिए गए हैं।

ट्रैफिक नियमों पर सख्ती और सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर

ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन, खासकर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों पर उन्होंने कहा कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत स्पष्ट प्रावधान हैं और वाहन मालिकों पर भी कार्रवाई की जाती है। उन्होंने सोशल मीडिया के लिए खतरनाक स्टंट और रील बनाने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि केवल पुलिसिया कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। नई पीढ़ी को सही दिशा देने के लिए परिवार और स्कूलों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। बच्चों में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना जरूरी है।

नक्सलवाद के मुद्दे पर डीजीपी ने कहा कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में संगठित रूप से सक्रिय सशस्त्र नक्सली समूहों की मौजूदगी नही है। अब केवल कुछ छिटपुट लोग ही बचे हैं जो छिपकर रह रहे हैं।

नशे के खिलाफ समाज की भागीदारी जरूरी

गांजा, अफीम और अन्य मादक पदार्थों की रोकथाम पर उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार सप्लाई चेन को तोडऩे का प्रयास कर रही है। लेकिन इसके साथ ही समाज में नशे की मांग कम करना भी उतना ही जरूरी है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नशे की खपत बढ़ती है तो इसका समाज पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ेगा। इसलिए परिवार, स्कूल, एनजीओ, स्वास्थ्य संस्थान और समाज कल्याण विभाग सभी को मिलकर काम करना होगा।

डीजीपी ने कहा कि केवल पुलिस के भरोसे इस समस्या का समाधान संभव नहीं है। समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी से ही आने वाली पीढ़ी को नशे और अपराध से बचाया जा सकता है।


अन्य पोस्ट