सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 4 अप्रैल। सरगुजा जिले में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों के विरोध में जिला महिला कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष सीमा सोनी के नेतृत्व में हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। यह अभियान शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर चलाया जा रहा है, जिसमें आमजन से हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं। इन हस्ताक्षरों को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजा जाएगा।
महिला कांग्रेस ने हाल ही में माँ महामाया प्रवेश द्वार के पास एक महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हुई निर्मम हत्या की घटना को लेकर आक्रोश जताया। संगठन ने इस घटना को दिल्ली के निर्भया कांड जैसी जघन्य वारदात बताते हुए कहा कि जिले में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। इससे पहले दशहरा के दिन पेट्रोल पंप पर एक युवती की हत्या और मणिपुर थाना क्षेत्र के पास महिला का शव मिलने जैसी घटनाओं का भी उल्लेख किया गया।
अभियान के तहत महिला कांग्रेस 11 मीटर लंबी सफेद साड़ी पर लोगों के हस्ताक्षर करवा रही है। जिलाध्यक्ष सीमा सोनी ने कहा कि साड़ी भारतीय महिलाओं के आत्मसम्मान, गरिमा और सुरक्षा का प्रतीक है, लेकिन वर्तमान हालात में इस सम्मान पर आघात हो रहा है, इसलिए इसे अभियान का प्रतीक बनाया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में अवैध नशे का कारोबार बढ़ते अपराधों की बड़ी वजह है। इस संबंध में दो माह पूर्व पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भी सौंपा गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
यह हस्ताक्षर अभियान घड़ी चौक से अंबेडकर चौक तक शाम 4 बजे से 6.30 बजे तक चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने स्वेच्छा से भागीदारी की।
अभियान के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पूर्व में क्षेत्र में कानून व्यवस्था बेहतर थी, लेकिन हाल के समय में इसमें गिरावट आई है, जिसके दुष्परिणाम सामने आ रहे हैं।
इस मौके पर महिला कांग्रेस की कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहीं, जिन्होंने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।