सरगुजा
अंबिकापुर,3 अप्रैल। अंबिकापुर शहर के व्यस्त रिंग रोड स्थित महामाया मंदिर द्वार के पास शुक्रवार को एक अधेड़ महिला का रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में महिला के साथ बलात्कार के बाद निर्मम हत्या और प्राइवेट पार्ट में बोतल मिलने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने महिला के सिर और गर्दन पर गंभीर वार किए हैं। साथ ही पहचान छिपाने के उद्देश्य से चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया गया है। जांच के दौरान महिला के शरीर के साथ अमानवीय कृत्य के संकेत भी मिले हैं, जिससे घटना की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही डीआईजी राजेश कुमार अग्रवाल सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
घटना स्थल शहर के व्यस्त मार्ग पर होने के कारण स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। नागरिकों ने सुरक्षा व्यवस्था एवं रात्रि गश्त को लेकर सवाल उठाए हैं।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा मृतका की पहचान के लिए विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्टों का मिलान किया जा रहा है।


