सरगुजा

मैनपाट में हाथी दल की मौजूदगी से दहशत, ग्रामीण रतजगा करने मजबूर
03-Apr-2026 9:13 PM
मैनपाट में हाथी दल की मौजूदगी से दहशत, ग्रामीण रतजगा करने मजबूर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 3 अप्रैल। सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। गुरुवार देर रात से माटी घाट और आसपास के जंगलों में 12 सदस्यीय हाथियों का दल डेरा डाले हुए हंै, जबकि दो अन्य हाथी मेहता पॉइंट के आसपास विचरण करते देखे गए हैं।

हाथियों की लगातार गतिविधियों के चलते माटी घाट, मेहता पॉइंट और आसपास के कई गांवों में दहशत का माहौल है। स्थिति ऐसी है कि ग्रामीण रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं, ताकि किसी भी संभावित नुकसान से बचा जा सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। सीतापुर-मैनपाट मुख्य मार्ग से गुजरने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है और हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेडऩे का प्रयास जारी है।

इधर, हाथियों के आतंक का असर पर्यटन पर भी पड़ा है। प्रसिद्ध टाइगर पॉइंट में पर्यटकों की संख्या में कमी आई है, जिससे स्थानीय कारोबार प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द राहत दिलाने की मांग की है, ताकि वे भयमुक्त होकर सामान्य जीवन जी सकें।


अन्य पोस्ट