सरगुजा

कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव शुरू
03-Apr-2026 9:12 PM
कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लुण्ड्रा, 3 अप्रैल। विकासखंड लुण्ड्रा के ग्राम पंचायत चितरपुर में श्रीमद्भागवत कथा साप्ताहिक ज्ञानयज्ञ महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्वक किया गया। शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा से हुई, जिसमें महिलाएं सिर पर कलश लेकर भक्ति गीतों के साथ पूरे गांव में शोभायात्रा निकालीं। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के बीच निकली यह यात्रा पूरे गांव में आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात विधिवत पूजा-अर्चना कर कथा स्थल पर श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया।

आयोजकों के अनुसार यह सात दिवसीय ज्ञानयज्ञ महोत्सव आगामी 10 अप्रैल तक चलेगा। कथा का वाचन अयोध्या धाम के प्रसिद्ध कथावाचक प्रकाशचंद्र जी महाराज के मुखारविंद से प्रतिदिन संगीतमय शैली में किया जाएगा।

महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 4 अप्रैल को महाभारत कथा, 5 अप्रैल को विदुर कथा एवं शिव विवाह, 6 अप्रैल को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 7 अप्रैल को बाल लीला एवं गोवर्धन पूजा, 8 अप्रैल को रासलीला एवं रुक्मिणी विवाह, 9 अप्रैल को सुदामा चरित्र एवं परीक्षित मोक्ष तथा 10 अप्रैल को तुलसी वर्णन, सहस्त्रधारा चढ़ोत्तरी एवं पूर्णाहुति हवन के साथ समापन किया जाएगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और संस्कारों का संदेश देना है। पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे और पुण्य लाभ अर्जित किया।

कलश यात्रा में लुण्ड्रा विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष व जनपद सदस्य सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। आयोजन समिति चितरपुर सहित आसपास के ग्राम ककनी, डुमरडीह, सपड़ा, भेडिया, रवई और कछार के ग्रामीणजन इस आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कथा का लाभ लेने की अपील की है।


अन्य पोस्ट