सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 3 अप्रैल। संजय पार्क रेस्क्यू सेंटर में आवारा कुत्तों के हमले से 15 हिरणों की मौत के मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में कांग्रेसी नेता परवेज आलम गांधी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया है कि हाल ही में हुए इस हादसे ने वन्यजीव संरक्षण और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि वन विभाग के संबंधित अधिकारियों द्वारा सुरक्षा, निगरानी एवं आवश्यक व्यवस्थाओं में लापरवाही बरती गई, जिसके कारण हिरणों की दर्दनाक मौत हुई।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि यह घटना न केवल वन्यजीव संरक्षण कानूनों का उल्लंघन है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को भी आहत करने वाली है। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है। ज्ञापनकर्ताओं ने उम्मीद जताई है कि शासन इस गंभीर मामले पर शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाएगा।