सरगुजा

पुण्य गुरुवार पर विशेष प्रार्थना, विनम्रता और प्रेम का दिया संदेश
03-Apr-2026 9:08 PM
पुण्य गुरुवार पर विशेष प्रार्थना, विनम्रता और प्रेम का दिया संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 3 अप्रैल। चालीसा उपवास के अंतिम सप्ताह में गुरुवार को पुण्य गुरुवार के अवसर पर मसीही समाज ने विशेष प्रार्थना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया। नवापारा स्थित बेदाग ईश माता महागिरिजाघर में शाम 5 बजे से पारंपरिक विधि-विधान के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुए।

सांध्यकालीन प्रार्थना एवं अनुष्ठानों का नेतृत्व अंबिकापुर धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप अंतोनी बड़ा ने किया। उनके साथ फादर विलियम उर्रे एवं पल्ली पुरोहित फादर जार्ज ग्रे कुजूर ने धार्मिक विधियां सम्पन्न कराईं।

इस अवसर पर बिशप ने समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि प्रभु ईसा मसीह ने मानवता को प्रेम, सेवा और विनम्रता का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि ‘एक-दूसरे से प्रेम करो, जैसे मैंने तुमसे प्रेम किया है।’ प्रभु ईसा द्वारा अपने शिष्यों के पैर धोने की परंपरा को याद करते हुए उन्होंने इसे विनम्रता और सेवा का सर्वोच्च उदाहरण बताया।

पुण्य गुरुवार के दिन ईसा मसीह द्वारा अपने 12 शिष्यों के पैर धोने और अंतिम भोज के दौरान अपना तन और रक्त समर्पित करने की घटना को भी याद किया गया, जिसे मसीही समाज परम प्रसाद के रूप में ग्रहण करता है। इसी दिन पुरोहिताई संस्कार की स्थापना मानी जाती है।

आस्था के अनुसार बिशप ने भी 12 श्रद्धालुओं के पैर धोकर परंपरा का निर्वहन किया। कार्यक्रम के दौरान बाइबिल पाठ का वाचन फिलिप तिर्की एवं श्रीमती अजिता टोप्पो द्वारा किया गया। पवित्र सक्रामेंट का जुलूस युवा संघ के द्वारा निकाला गया।

रात्रि 8 बजे से आराधना का कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसमें विभिन्न पारा-टोला एवं संस्थानों ने क्रमवार प्रस्तुतियां दीं। बीच-बीच में भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति फादर अनुरंजन के नेतृत्व में बढऩीझरिया के युवक-युवतियों ने दी, जिससे वातावरण भक्तिमय और भावुक हो गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फादर, सिस्टर्स एवं मसीही समुदाय के लोग उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट