सरगुजा
साढ़े 3 लाख की हेराफेरी का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 1 अप्रैल। वाहनों की किस्त राशि में गबन करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपी को महासमुंद से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ग्राहकों से किश्त की रकम लेकर उसे कंपनी में जमा न कर करीब 3 लाख 50 हजार रुपये का गबन करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड अंबिकापुर शाखा के प्रबंधक दिग्विजय सिंह की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि कंपनी में कार्यरत जूनियर बिजनेस एग्जीक्यूटिव अमित श्रीवास्तव ग्राहकों से वाहनों की किस्त की राशि अपने निजी खाते में प्राप्त करता था और उन्हें कूटरचित पावती जारी करता था।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने कई ग्राहकों से किश्त की रकम लेने के बावजूद उसे संबंधित लोन खातों में जमा नहीं किया और कुल 3 लाख 50 हजार 395 रुपये का गबन किया। साथ ही कुछ मामलों में नकद डाउन पेमेंट लेकर फर्जी तरीके से वाहन दिलाने का भी आरोप है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम को महासमुंद भेजा गया, जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने गबन की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


