सरगुजा

दूसरे की जमीन दिखा स्टेशन मास्टर से साढ़े 14 लाख की ठगी, आरोपी पहले से जेल में
31-Mar-2026 10:56 PM
दूसरे की जमीन दिखा स्टेशन मास्टर से साढ़े 14 लाख की ठगी, आरोपी पहले से जेल में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 31 मार्च। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में पदस्थ एक स्टेशन मास्टर को दूसरे की जमीन दिखाकर 14 लाख 50 हजार रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। जमीन का अनुबंध स्टेशन मास्टर की पत्नी के नाम पर किया गया था, लेकिन बाद में पता चला कि जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज है। पीडि़त की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्टेशन मास्टर संतोष कुमार की पहचान नमनाकला निवासी निकुंज गुप्ता से हुई थी। संतोष कुमार अपनी पत्नी मीनाक्षी मिश्रा के साथ अंबिकापुर में जमीन या फ्लैट खरीदना चाहते थे। इसी दौरान निकुंज गुप्ता ने नमनाकला स्थित खसरा नंबर 151/12, रकबा 1.75 एकड़ जमीन को अपना बताते हुए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बेचने का प्रस्ताव दिया।

आरोपी ने 11 नवंबर 2020 को मीनाक्षी मिश्रा के नाम पर जमीन का एग्रीमेंट किया और किस्तों में कुल 14 लाख 50 हजार रुपए ले लिए। भरोसा दिलाने के लिए उसने बतौर गारंटी रकम के बराबर का चेक भी दिया।

जब संतोष कुमार ने जमीन की रजिस्ट्री के लिए दस्तावेज मांगे, तो आरोपी बीमारी का बहाना बनाकर टालता रहा। बाद में जांच करने पर पता चला कि उक्त जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज है और निकुंज गुप्ता उसका वैध मालिक नहीं है।

इस पर आरोपी ने एक और झूठी कहानी गढ़ते हुए कहा कि जमीन एक महिला के नाम पर है, जो कैंसर से पीडि़त है और बेंगलुरु में इलाज करा रही है। उसके अंबिकापुर लौटने पर रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया गया। मामले में मीनाक्षी मिश्रा ने अप्रैल 2025 में सरगुजा एसपी को आवेदन देकर शिकायत की थी। मई 2025 में रायपुर में उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद संतोष कुमार ने स्वयं अंबिकापुर पहुंचकर गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले भी कर चुका है ठगी

बताया जा रहा है कि आरोपी निकुंज गुप्ता पहले भी इसी तरह की ठगी की वारदात को अंजाम दे चुका है। उसने एसईसीएल के एक कर्मचारी की पत्नी को जमीन बेचने का झांसा देकर करीब 79 लाख रुपए की ठगी की थी। इस मामले में उसे गिरफ्तार किया जा चुका है और वर्तमान में वह जेल में निरुद्ध है।


अन्य पोस्ट