सरगुजा
अंबिकापुर, 30 मार्च। सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र के पटोरा गांव में एक मामूली विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। हैंडपंप चलाने को लेकर हुए विवाद में फॉरेस्ट चौकीदार द्वारा टांगी से किए गए हमले में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, 29 मार्च को पटोरा निवासी राकेश घासी (20) अपने मित्र रामसाय और संजय बड़ा के साथ बाइक से करेसर गांव गया हुआ था। शाम के समय लौटते दौरान रास्ते में प्यास लगने पर वे चौक के पास स्थित हैंडपंप के पास रुके। यहां राकेश ने मौजूद फॉरेस्ट चौकीदार घूरसाय से हैंडपंप चलाने के लिए कहा।
इस बात पर चौकीदार नाराज हो गया और खुद को किसी का नौकर न बताते हुए विवाद करने लगा। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और गुस्से में आकर चौकीदार ने अपने पास रखी टांगी से राकेश के पैर पर वार कर दिया। हमले से उसके घुटने के नीचे गंभीर चोट आई और भारी मात्रा में खून बहने लगा।
घटना के बाद साथियों ने घायल राकेश को तत्काल लुंड्रा अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे धौरपुर अस्पताल रेफर किया गया। हालत नाजुक होने पर उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक रक्तस्राव के कारण युवक की जान चली गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। पोस्टमॉर्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा प्रकरण की केस डायरी लुंड्रा थाने को भेजी जा रही है।


