सरगुजा

खजूर रविवार पर निकाली शोभायात्रा
29-Mar-2026 10:05 PM
खजूर रविवार पर निकाली शोभायात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 29 मार्च। चालीस दिवसीय उपवास के अंतिम चरण में प्रवेश करते हुए खजूर रविवार (पाम संडे) के अवसर पर अम्बिकापुर के नवापारा स्थित बेदाग ईश माता महागिरिजाघर में रोमन कैथोलिक मसीही समुदाय ने प्रभु येसु के येरूसलेम प्रवेश की स्मृति में  आस्था के साथ पर्व मनाया। इस अवसर पर शोभायात्रा भी निकाली गई।

प्रात: 6 बजे महागिरिजाघर में सरगुजा धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप डॉ. अंतोनिस बड़ा के नेतृत्व में खजूर की डालियों की आशीष प्रार्थना संपन्न हुई। इसके पश्चात मसीहीजन खजूर की डालियां हाथ में लेकर महागिरिजाघर प्रांगण से सेंट जेवियर स्कूल परिसर, बीएड कॉलेज होते हुए पुन: गिरिजाघर पहुंचे।

इसके बाद गिरिजाघर में प्रार्थना सभा एवं समारोही मिस्सा बलिदान का आयोजन किया गया, जिसे बिशप अंतोनिस बड़ा के नेतृत्व में पल्ली पुरोहित फादर विलियम उर्रे और फादर जॉर्ज ग्रे कुजूर ने संयुक्त रूप से संपन्न कराया।

धार्मिक मान्यता के अनुसार प्रभु यीशु ने अपने मृत्यु पूर्व एक विजयी राजा के रूप में येरूसलेम में प्रवेश किया था, जहां लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। अमीरों ने मार्ग में वस्त्र बिछाए, जबकि गरीबों ने पेड़ों की पत्तियां, जैतून और खजूर की डालियां लहराकर उनका अभिनंदन किया था। इसी स्मृति में यह पर्व मनाया जाता है और इसी दिन से पुण्य सप्ताह की शुरुआत होती है।

अपने संदेश में बिशप ने कहा कि खजूर रविवार से लेकर क्रूस मरण और पुनरुत्थान की यात्रा हमें त्याग, नम्रता और बलिदान का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के जीवन में एक ‘येरूसलेम’ होता है, जहां मसीह प्रवेश करना चाहता है, लेकिन वह कभी जोर जबरदस्ती नहीं करता, बल्कि केवल अनुमति मांगता है।

कार्यक्रम में पवित्र बाइबल पाठ का वाचन डॉ. अजय तिर्की एवं सरिता मिंज द्वारा किया गया। वहीं महुआपारा के विश्वासियों द्वारा भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई।

इस अवसर पर फादर ज्ञान, फादर थियोडोर लकड़ा, फादर जॉन जायसवाल कुजूर, फादर संतोष, पंकज कुजूर सहित कैथोलिक सभा, महिला संघ, युवा संघ के पदाधिकारी, होलीक्रॉस सिस्टर्स, उर्सुलाइन सिस्टर्स, संत अन्ना सिस्टर्स तथा बड़ी संख्या में मसीही समाज के श्रद्धालु उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट