सरगुजा
लखनपुर/बिश्रामपुर, 28 मार्च। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र की अमेरा खदान में रोड सेल कोयला परिवहन के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। ट्रक मालिक संघ ने आरोप लगाया है कि खदान में आने वाले सैकड़ों ट्रकों से प्रतिदिन विभिन्न मदों के नाम पर हजारों रुपये वसूले जा रहे हैं, जिससे परिवहनकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है।
संघ के अनुसार, प्रत्येक ट्रक से बिल्टी कमीशन के नाम पर 2500 रु., लिफ्टर लोडिंग के नाम पर 1000 और कांटा शुल्क के नाम पर 200 रु.की वसूली की जा रही है। इस तरह प्रति ट्रक 3700 तक की अवैध वसूली का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि खदान में रोजाना सैकड़ों ट्रकों की आवाजाही होती है, जिससे प्रतिदिन लाखों रुपये की वसूली होने की आशंका जताई जा रही है।
ट्रक मालिक संघ के सदस्य सुरेश साहू ने बताया कि अमेरा खदान का संचालन लगभग एक माह पूर्व शुरू हुआ है और तभी से यह वसूली जारी है। इस संबंध में एसईसीएल महाप्रबंधक सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों को पूर्व में शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
संघ का यह भी आरोप है कि वसूली का विरोध करने पर ट्रक संचालकों को ब्लैकलिस्ट करने की धमकी दी जाती है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस संबंध में एसईसीएल महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह से संपर्क करने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि ट्रक मालिक संघ को इस मामले में थाने में एफआईआर दर्ज करानी चाहिए। इसके बाद उन्होंने फोन काट दिया।
मामले में अब तक कोई आधिकारिक कार्रवाई नहीं होने से कई सवाल उठ रहे हैं। ट्रक मालिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।