सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 मार्च। देश में अनुसूचित जनजाति (स्ञ्ज) वर्ग से जुड़े आरक्षण और धर्मांतरण के मुद्दे पर बहस तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में जनजाति सुरक्षा मंच के नेतृत्व में आगामी 24 मई को राजधानी दिल्ली में ‘गर्जना रैली’ आयोजित की जाएगी। इस रैली में देशभर से जनजातीय प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों के लोगों के शामिल होने की संभावना है।
रैली का मुख्य उद्देश्य ‘डीलिस्टिंग’ की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है। डीलिस्टिंग का अर्थ उन व्यक्तियों को अनुसूचित जनजाति की सूची से बाहर करना है, जिन्होंने धर्म परिवर्तन कर लिया है। मंच का कहना है कि आरक्षण का लाभ उसी व्यक्ति को मिलना चाहिए, जो अपनी मूल सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान में बना हुआ है।
इस मुद्दे को हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के एक निर्णय से भी बल मिला है, जिसमें अनुसूचित जाति (एससी) के संदर्भ में धर्म परिवर्तन के बाद आरक्षण की पात्रता पर टिप्पणी की गई थी। हालांकि यह फैसला सीधे तौर पर एसटी वर्ग पर लागू नहीं है, लेकिन इससे जनजातीय समाज में नई उम्मीद जगी है।
जनजातीय संगठनों का आरोप है कि कई क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक प्रलोभनों के जरिए धर्मांतरण कराए जा रहे हैं, जिससे आरक्षण व्यवस्था के दुरुपयोग की स्थिति बन रही है।
आयोजकों के अनुसार, ‘गर्जना रैली’ के माध्यम से सरकार और न्यायपालिका को यह संदेश दिया जाएगा कि आरक्षण का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचे और जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान एवं परंपराओं की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह रैली केवल एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक अस्मिता और संवैधानिक मूल्यों के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है।