सरगुजा

जंगली सुअर के शिकार के लिए बिछाए करंट तार से युवक की मौत, 6 आरोपी गिरफ्तार
27-Mar-2026 9:35 AM
जंगली सुअर के शिकार के लिए बिछाए करंट तार से युवक की मौत, 6 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 मार्च। सरगुजा जिले के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र में जंगली सुअर के शिकार के लिए बिछाए गए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जयप्रकाश यादव ने 25 मार्च को थाना कमलेश्वरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके जीजा मिश्रालाल यादव को बडेरा जंगल में करंट युक्त नंगे तार के संपर्क में आने से मौके पर ही मौत हो गई। जांच में सामने आया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बिजली खंभे से अवैध हुकिंग कर जंगल में तार बिछाया गया था, जिससे जंगली सुअरों का शिकार किया जा सके।

मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित जांच शुरू की। विवेचना के दौरान 6 आरोपियों—जयपाल तिर्की, विश्वनाथ मांझी, धुरसाय मांझी, श्याम सुंदर कुजूर, निर्मल उर्फ गेद्दा कुजूर एवं जहूर साय—को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के असकरा गांव के निवासी हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मिलकर जंगल में लकड़ी की खूंटियां लगाकर नंगे तार बिछाए थे और बिजली खंभे से अवैध रूप से तार जोडक़र उसमें करंट प्रवाहित किया था। इसी दौरान मिश्रालाल यादव तार की चपेट में आ गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा एवं लाल रंग का विद्युत तार भी जब्त किया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 एवं विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।

मामले की आगे की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट