सरगुजा

सीतापुर कॉलेज में नीप 2020 पर संभाग स्तरीय कार्यशाला
27-Mar-2026 9:33 AM
सीतापुर कॉलेज में नीप 2020 पर संभाग स्तरीय कार्यशाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सीतापुर, 26 मार्च। शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय सीतापुर, सरगुजा द्वारा उच्च शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ एवं रूसा कार्यालय के प्रायोजन में 18-19 मार्च को दो दिवसीय सरगुजा संभाग स्तरीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय राष्ट्रीय शिक्षा नीति (नीप) 2020: प्रचार-प्रसार कार्यक्रम (प्रसार टोली) रहा।

कार्यशाला में सरगुजा संभाग के 6 जिलों के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों से 60 नोडल प्राध्यापक एवं 120 एनईपी कैंपस एंबेसडर सहित कुल 180 प्रतिभागियों ने भाग लिया। महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा नीप 2020 पर आधारित नुक्कड़ नाटक, प्रहसन, कविता, गीत, राउत नाचा, कर्मा नृत्य, कव्वाली, प्रश्नोत्तरी, रंगोली एवं पोस्टर के माध्यम से प्रभावी प्रचार-प्रसार किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. अनिल कुमार सिन्हा (प्राचार्य, राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर), प्रो. एस.एन. पांडेय (अंग्रेजी प्राध्यापक), प्रो. एस.के. श्रीवास्तव (प्राचार्य, शासकीय नवीन महाविद्यालय लखनपुर) एवं डॉ. अजीत कुमार यादव (प्राचार्य, गुरुकुल महाविद्यालय पत्थलगांव, जशपुर) उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए वर्ष 2035 तक सकल नामांकन अनुपात 50 प्रतिशत तक बढ़ाने तथा भारतीय ज्ञान परंपरा के महत्व पर जोर दिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के. टोप्पो ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यशाला के संयोजक एवं नीप नोडल प्राध्यापक डॉ. रोहित कुमार बरगाह ने नीति के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता पर बल दिया। वहीं नीप प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. सी. टोप्पो ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा में विशेष योगदान दिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं स्टाफ—डॉ. प्रवीण कुमार साहू, डॉ. बोधराम चौहान, सरिता देवी, शीला तिर्की, डॉ. एस.एल. खलखो, शशिमा कुजूर सहित अन्य कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भूमिका रही।


अन्य पोस्ट