सरगुजा

गांव चलो अभियान: बटवाही पहुंचे बैज, कांग्रेसियों ने किया स्वागत
25-Mar-2026 10:35 PM
गांव चलो अभियान: बटवाही पहुंचे बैज, कांग्रेसियों ने किया स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लुण्ड्रा, 25 मार्च। कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत चलाए जा रहे ‘गांव चलो अभियान’ के अंतर्गत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बटवाही पहुंचे। इस दौरान युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष गंगा प्रसाद टेकाम के नेतृत्व में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने के उद्देश्य से बीएलए गठन को लेकर संवाद किया और कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में दीपक बैज ने राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ पहले ‘धान का कटोरा’ कहलाता था, लेकिन वर्तमान सरकार में इसकी पहचान बदल रही है। उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब अपने क्षेत्र में ही विकास कार्य संतोषजनक नहीं हैं, तो पूरे प्रदेश में विकास की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम सिंह (धौरपुर) एवं प्रदीप गुप्ता (लुण्ड्रा) ने की। मंच संचालन युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सूरज यादव ने किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष विकल झा, पूर्व विधायक रामदेव राम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं एनएसयूआई के सदस्य उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट