सरगुजा

जंगल में करंट तार से युवक की मौत
25-Mar-2026 10:32 PM
जंगल में करंट तार से युवक की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 25 मार्च। मैनपाट थाना क्षेत्र के मड़वासराई जंगल में अवैध रूप से बिछाए गए बिजली करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक मिश्रा यादव मैनपाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह जंगल के रास्ते में बिछाए गए करंट युक्त तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उक्त करंट जंगली जानवरों के शिकार के उद्देश्य से लगाया गया था।

हैरानी की बात यह है कि इसी करंट की चपेट में आकर एक जंगली जानवर की भी मौत हो गई, जिससे स्पष्ट है कि जंगल में अवैध शिकार के लिए खतरनाक तरीके अपनाए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तार में हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि जंगलों में इस तरह खुलेआम करंट बिछाया जाना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट