सरगुजा
हिरण मौत, नशा और गैस संकट पर उठाए सवाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 मार्च। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज अपने सरगुजा दौरे के दौरान संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत ग्राम और बूथ कमेटियों के गठन को लेकर सक्रिय नजर आए। स्थानीय सर्किट हाउस में मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि गांव पहुंच अभियान का मुख्य उद्देश्य पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पहली बार इतनी व्यापक स्तर पर पंचायत और बूथ कमेटियों का गठन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में लगभग 27 हजार से अधिक बूथ कमेटियां और 15 हजार से अधिक पंचायत एवं वार्ड कमेटियां बनाई जाएंगी। इसके लिए सभी जिलाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है और वरिष्ठ नेताओं से आग्रह किया गया है कि वे स्वयं गांवों में जाकर कार्यकर्ताओं की राय से कमेटियों का गठन करें। बैज ने बताया कि उन्होंने बस्तर से इस अभियान की शुरुआत की और अब लगातार 14 दिनों तक सरगुजा संभाग का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने खुद 30 से अधिक बूथों और 15 पंचायतों में जाकर कमेटियों का गठन किया है।
संगठनात्मक मजबूती के साथ ही उन्होंने कई गंभीर मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरा। अंबिकापुर के संजय पार्क में 15 हिरणों की मौत पर उन्होंने इसे ‘बीमार सिस्टम’ का परिणाम बताया। उनका कहना था कि वन्य जीवों को रेस्क्यू सेंटर में रखने के बाद उनकी सुरक्षा और देखरेख की जिम्मेदारी प्रशासन की होती है, लेकिन यहां व्यवस्था पूरी तरह लचर रही। उन्होंने सवाल उठाया कि केवल एक डिप्टी रेंजर को निलंबित कर सरकार ने मामले को दबाने की कोशिश की है, जबकि जिम्मेदारी बड़े अधिकारियों की भी बनती है। उन्होंने वन मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेने और पूरे प्रदेश के पार्कों व चिडिय़ाघरों की समीक्षा की मांग की।
इसके अलावा उन्होंने प्रदेश में अवैध नशे के कारोबार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि छत्तीसगढ़ में अफीम की खेती सरकार के संरक्षण में हो रही है। दुर्ग, रायगढ़, बलरामपुर और लैलूंगा जैसे क्षेत्रों में अफीम की खेती पकड़े जाने का हवाला देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें सत्तारूढ़ दल के नेताओं की संलिप्तता है। साथ ही उन्होंने नकली शराब, अवैध होलोग्राम और गांजा तस्करी को लेकर भी सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। बैज ने कहा कि सरकार लगातार पर्याप्त स्टॉक होने का दावा कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि लोग सुबह 4 बजे से रात तक लाइनों में खड़े रहने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि काला बाजारी बढ़ रही है और सरकार स्थिति को छुपा रही है। उनका कहना था कि आने वाले समय में गैस संकट और गंभीर हो सकता है।
दौरे के दौरान मिले पीडि़त परिवारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि गरीबों को पहले सरकारी सुविधाएं देकर बसाया गया, लेकिन अब उन्हें बेदखली के नोटिस देकर घर तोड़े जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई पक्षपातपूर्ण है और कुछ लोगों को संरक्षण दिया जा रहा है। बैज ने कहा कि यदि सरकारी जमीन पर कब्जा है, तो सरकार को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए, न कि गरीबों को बेघर करना चाहिए।