सरगुजा
यातायात सुधार के लिए सौंपा प्रस्ताव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,24 मार्च। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से मनेन्द्रगढ़ रोड तक सडक़ चौड़ीकरण, डिवाइडर निर्माण और वैकल्पिक पहुँच मार्ग विकसित करने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य मुकेश तिवारी ने कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अंबिकापुर रेलवे स्टेशन परिसर में मार्ग चौड़ीकरण सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का उन्नयन कार्य पूरा हो चुका है, जबकि वॉशिंग पीट, अतिरिक्त प्लेटफार्म और स्टेबलिंग लाइन का निर्माण अंतिम चरण में है। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद स्टेशन की क्षमता और रेल कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है, जिससे यात्रियों की आवाजाही भी बढ़ेगी।
ऐसे में स्टेशन से राष्ट्रीय राजमार्ग 43 (मनेन्द्रगढ़ मार्ग) तक जाने वाला वर्तमान संपर्क मार्ग संकीर्ण और अत्यधिक व्यस्त होने के कारण यातायात दबाव को संभालने में सक्षम नहीं है। ट्रेन के आगमन और प्रस्थान के समय यहां अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रस्ताव में मांग की गई है कि इस मार्ग का चौड़ीकरण कर बीच में डिवाइडर के साथ इसे व्यवस्थित टू-लेन सडक़ के रूप में विकसित किया जाए, ताकि दोनों दिशाओं में सुरक्षित और सुचारु आवागमन सुनिश्चित हो सके। साथ ही स्टेशन के पश्चिमी हिस्से में रेलवे क्वार्टर के सामने उपलब्ध लगभग 15 फीट चौड़े मार्ग को विकसित कर वैकल्पिक पहुँच मार्ग के रूप में उपयोग में लाने का सुझाव भी दिया गया है, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम हो सके।
इस विषय पर भाजपा नेता कैलाश मिश्रा, रेलवे सेक्शन इंजीनियर मनोज गुप्ता और ओएस आईओडब्ल्यू अमित दास की उपस्थिति में भी चर्चा की गई। ज्ञापन में प्रशासन से तकनीकी परीक्षण और भूमि उपलब्धता के आधार पर जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है, ताकि स्टेशन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।