सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 21 मार्च। लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 स्थित जूनाडीह में अज्ञात पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शव उठाने में देरी से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया, जिसे पुलिस की समझाइश के बाद समाप्त कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 मार्च की शाम करीब 7 बजे बादल तिग्गा पिता विजय नारायण तिग्गा, निवासी ग्राम कुंवरपुर, मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 ईबी 9703 से लखनपुर से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान जूनाडीह टॉकीज के पास बिलासपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने लापरवाहीपूर्वक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक वाहन समेत फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मच्र्युरी भेजा और ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। घटना से गांव में शोक व्याप्त है।