सरगुजा
चोरी का आरोप, एसपी से लगाई गुहार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 19 मार्च। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तराजू में जमीन विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट और घर में तोडफ़ोड़ का मामला सामने आया है। पीडि़ता ने एक दर्जन लोगों पर हमला करने और 40 हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम तराजू निवासी सेटली दास पति जागेश्वर दास, अपने नाना से प्राप्त पट्टे की जमीन पर मकान निर्माण करा रही थीं।
इसी दौरान आरोप है कि उनके रिश्तेदारों ने घर पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान पीडि़ता ने डायल 112 पर सूचना दी, जिस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी।
बताया जा रहा है कि पीडि़ता जब लखनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची, उसी दौरान पड़ोसी के फोन से सूचना मिली कि आरोपित पुन: उनके घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों व बच्चों के साथ मारपीट कर रहे हैं। भय के चलते बच्चे पड़ोसियों के घर में छिप गए।
पीडि़ता का आरोप है कि थाने में सूचना देने के बावजूद तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस बीच आरोपियों ने घर में घुसकर जमकर तोडफ़ोड़ की और बैंक से निकाले गए 40 हजार रुपये, जो बिस्तर के नीचे रखे थे, उठाकर ले गए।
महिला ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई होती तो घटना टल सकती थी। मामले को लेकर पीडि़ता ने 18 मार्च को सरगुजा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन दिया है और जांच व कार्रवाई की मांग की है।