सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 18 मार्च। सिंधी समाज का प्रमुख पर्व चेटीचंड महोत्सव शहर में 15 मार्च से हर्षोल्लास के साथ प्रारंभ हो गया है। छह दिवसीय इस महोत्सव में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। समाज द्वारा अन्य समुदायों को भी महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
महोत्सव की शुरुआत गांधी स्टेडियम में आयोजित ‘एक दौड़ झूलेलाल के नाम’ कार्यक्रम से हुई। इसके बाद 17 मार्च को सिंधी प्रीमियर लीग-2 फ्लड लाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छह टीमों ने भाग लिया।
समाज के मीडिया प्रभारी निशित बचानी ने बताया कि 18 मार्च को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सिंधु ज्ञान प्रतियोगिता एवं ‘सिंध जो मेलो’ का आयोजन किया जाएगा, जो इस दिन का मुख्य आकर्षण रहेगा। इसी दिन सुबह शंकर घाट पर सफाई अभियान भी चलाया जाएगा। 19 मार्च को शाम 6 बजे घड़ी चौक पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित होगा।
इस वर्ष महोत्सव की विशेषता यह है कि आयोजन की जिम्मेदारी युवाओं को सौंपी गई है। 20 मार्च को सुबह आरती के पश्चात 11 बजे स्कूटर रैली निकाली जाएगी।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण 20 मार्च को शाम 5 बजे भगवान झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा होगी। यह यात्रा सिंधु भवन से प्रारंभ होकर महाराजा गली, देवीगंज रोड, संगम चौक, महामाया चौक, गुरुद्वारा, गुरु नानक चौक, पुलिस लाइन एवं गौरी मंदिर होते हुए शंकर घाट पहुंचेगी, जहां पवित्र ज्योति विसर्जन के साथ यात्रा का समापन होगा।
शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां एवं बाहर से आए कलाकारों द्वारा भव्य रोड शो भी प्रस्तुत किया जाएगा।
सिंधी समाज के अध्यक्ष अशोक नागवानी, सिंधी महिला मंडल की अध्यक्ष ज्योति पोपटानी एवं नवयुवक मंडल के अध्यक्ष नितिन रेलवानी ने सभी समाज के लोगों से अपने प्रतिष्ठान बंद कर महोत्सव में शामिल होने की अपील की है।