सरगुजा

पीएचडी प्रवेश परीक्षा में देरी पर आजाद सेवा संघ का विरोध, शीघ्र आयोजन की मांग
17-Mar-2026 10:36 PM
पीएचडी प्रवेश परीक्षा में देरी पर आजाद सेवा संघ का विरोध, शीघ्र आयोजन की मांग

 तीन वर्षों से नहीं हुई परीक्षा, विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 17 मार्च। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश परीक्षा के आयोजन में हो रही देरी को लेकर आजाद सेवा संघ ने नाराजगी जताई है। संगठन के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा ने कुलपति को पत्र लिखकर सत्र 2026 में प्रवेश परीक्षा शीघ्र आयोजित करने की मांग की है।

पत्र में रचित मिश्रा ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा अंतिम बार 10 नवंबर 2023 को पीएचडी प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे और 10 दिसंबर 2023 को परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके बाद से अब तक प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं की गई है, जिससे शोधार्थियों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि 2023 से 2026 तक का यह अंतराल शैक्षणिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है और इससे हजारों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वर्तमान सत्र में भी परीक्षा को लेकर कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं होने से विद्यार्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

रचित मिश्रा ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की उदासीनता के कारण विद्यार्थियों को मानसिक तनाव और आर्थिक अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने उच्च शिक्षा और शोध को बढ़ावा देने के दावों के बीच इस स्थिति को विरोधाभासी बताया।

आजाद सेवा संघ ने मांग की है कि छात्रहित को ध्यान में रखते हुए सत्र 2026 में पीएचडी प्रवेश परीक्षा का निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन जल्द सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगा।


अन्य पोस्ट