सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 16 मार्च। अंबिकापुर नगर के थाना गांधीनगर क्षेत्र में नकली आरटीओ अधिकारी बनकर युवक से नगदी लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल और 1000 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ पहले भी लूट का मामला दर्ज है और वह आदतन अपराधी बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी संदीप लकड़ा, निवासी ग्राम मरकाडाड़ थाना राजपुर जिला बलरामपुर ने 14 मार्च को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 11 मार्च की शाम करीब 6 बजे वह अपने ससुर के साथ मोटरसाइकिल से अस्पताल से गांधी चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान राज पोल्ट्री फार्म के पास काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल में सवार एक युवक ने उसका रास्ता रोक लिया।
आरोपी ने स्वयं को आरटीओ अधिकारी बताते हुए प्रार्थी को धमकाया और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ धक्का-मुक्की की। इसके बाद उसने प्रार्थी के पर्स और शर्ट की जेब में रखे कुल 20 हजार रुपये नगद लूट लिए और मौके से फरार हो गया। बाद में आरटीओ कार्यालय में जानकारी लेने पर पता चला कि इस नाम का कोई अधिकारी वहां पदस्थ नहीं है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी शहजोर अली अंबिकापुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार कर लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल और 1000 रुपये नगद जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में भी पूर्व में लूट का मामला दर्ज है। उसने संजय पार्क के सामने एक अन्य व्यक्ति से भी नगदी लूट की घटना को अंजाम दिया था। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।