सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 15 मार्च। महिला उत्पीडऩ और साइबर ब्लैकमेलिंग के मामले में कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तरप्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी द्वारा पीडि़ता की सोशल मीडिया आईडी का दुरुपयोग कर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो अपलोड कर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल भी जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीडि़ता ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान उत्तरप्रदेश निवासी चंद्रमौली तिवारी से एक घरेलू कार्यक्रम के दौरान हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने धोखे से पीडि़ता की सोशल मीडिया आईडी हासिल कर उसमें अपना मोबाइल नंबर लिंक कर लिया। इसके बाद आरोपी बिना अनुमति पीडि़ता के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर उसे ब्लैकमेल करने लगा तथा शादी के लिए पीडि़ता और उसके परिवार पर दबाव बनाते हुए गाली-गलौज और धमकी देने लगा। पीडि़ता की शिकायत पर कोतवाली थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए राजेश कुमार अग्रवाल (डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा) के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। साइबर सेल से तकनीकी जानकारी प्राप्त कर पुलिस टीम को उत्तरप्रदेश रवाना किया गया, जहां से आरोपी को हिरासत में लेकर अंबिकापुर लाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम चंद्रमौली तिवारी उत्तरप्रदेश बताया और घटना को स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।