सरगुजा

अमेरा खदान क्षेत्र में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, एसईसीएल प्रबंधन ने थाने में की शिकायत
15-Mar-2026 10:15 PM
अमेरा खदान क्षेत्र में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली का आरोप, एसईसीएल प्रबंधन ने थाने में की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 15 मार्च। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत संचालित अमेरा खदान में आने वाले ट्रकों से पार्किंग के नाम पर कथित रूप से अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। ट्रक चालकों का आरोप है कि कुछ लोग धमकी देकर प्रत्येक ट्रक से 100 रुपये की जबरन वसूली कर रहे हैं।

 शिकायत के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं होने से अवैध वसूली करने वालों के हौसले बुलंद बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार अमेरा खदान में कोयला लोडिंग के लिए प्रतिदिन सैकड़ों ट्रक पहुंचते हैं। इसी का फायदा उठाते हुए पीपरखार, सिंगीटाना और पुहपुटरा क्षेत्र में अमेरा खदान पार्किंग के नाम पर ट्रकों से जबरन पैसे वसूले जा रहे हैं। ट्रक चालकों का कहना है कि पैसे नहीं देने पर दबंगों द्वारा ट्रकों को सडक़ पर ही रुकवा दिया जाता है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

 धमकी देकर वसूली का आरोप

ट्रक चालक निशांत ने आरोप लगाया है कि अमेरा खदान आने वाले ट्रकों को तीनधरी स्थान पर रोककर पार्किंग के नाम पर 100-100 रुपये की अवैध वसूली की जाती है। पैसा नहीं देने पर ट्रकों को आगे नहीं बढऩे दिया जाता। चालक का आरोप है कि दिनेश नामक युवक द्वारा यह वसूली की जा रही है। ट्रक चालकों ने प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एसईसीएल प्रबंधन ने

 थाने में दिया आवेदन

मामले को गंभीरता से लेते हुए साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के खान प्रबंधन ने लखनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि सिंगीटाना एवं पीपरखार क्षेत्र के कुछ लोगों द्वारा रोड सेल की गाडिय़ों को रोकने से कोयला परिवहन प्रभावित हो रहा है और विवाद की स्थिति बन रही है। इससे न केवल शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है बल्कि राज्य के राजस्व को भी नुकसान पहुंच रहा है तथा कोयला उठाव में विलंब हो रहा है।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

इस संबंध में एसईसीएल के महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह ने कहा कि पूरे मामले को लेकर थाने में आवेदन दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि अमेरा खदान क्षेत्र के बाहर अवैध वसूली हो रही है तो प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की अवैध वसूली किसी न किसी के संरक्षण में ही संचालित हो रही होगी।

फिलहाल मामले को लेकर प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


अन्य पोस्ट