सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,15 मार्च। सरगुजा संभाग के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को अंबिकापुर स्थित गांधी चौक के श्री दुर्गा शक्ति पीठ में आयोजित की गई। दोपहर 11 बजे आयोजित इस बैठक में सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे संघों और संगठनों के पदाधिकारियों व प्रतिनिधिमंडलों ने एक मंच पर आकर एकजुटता का परिचय दिया और सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। बैठक का मुख्य उद्देश्य सरगुजा संभाग के सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं को एक मंच और एक बैनर के नीचे लाकर उनके हक-अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करना रहा।
बैठक में जशपुर, बलरामपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी तथा कोरिया जिलों से आए विभिन्न संघों के पदाधिकारी और प्रतिनिधिमंडल उपस्थित रहे। सभी ने यह माना कि प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के कई अलग-अलग संगठन सक्रिय हैं, जो समय-समय पर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते रहे हैं। बावजूद इसके आज तक सरकार ने उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया है। इसी स्थिति को देखते हुए सरगुजा संभाग के सभी संगठनों और संघों ने मतभेद भुलाकर एकजुट होकर आगे बढऩे का ऐतिहासिक निर्णय लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके बाद जशपुर जिले से आई आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए कविता यादव ने कहा कि वर्तमान समय में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के सामने कई तरह की चुनौतियां हैं। छोटे-छोटे मुद्दों को लेकर अधिकारियों द्वारा दबाव और प्रताडऩा का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में सभी को एकजुट होकर आगे आने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि सभी कार्यकर्ता और सहायिकाएं एक मंच पर आ जाती हैं तो उनकी जीत निश्चित है। किसी भी समस्या के समाधान के लिए परियोजना अधिकारी से लेकर जिला कार्यक्रम अधिकारी और शासन-प्रशासन तक बात कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में पुष्पा श्रेजल ने कहा कि सरकार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की मांगों को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब भी संगठन अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ते हैं तो सबसे पहले पदाधिकारियों पर दबाव बनाया जाता है और उन्हें हटाने तक की कोशिश की जाती है। ऐसे समय में सभी को एकजुट होकर निडरता के साथ अपने हक-अधिकार के लिए आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने विभाग द्वारा प्रदाय की जा रही गुणवत्ताविहीन साडिय़ों पर भी सवाल उठाते हुए ऐसी सामग्री का उठाव नहीं करने की बात कही।
श्रीमती कविता यादव ने यह भी कहा कि वर्तमान में कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं सेवानिवृत्त हो रही हैं, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें न तो पेंशन मिलती है और न ही कोई मानदेय। इससे उनका भविष्य अंधकारमय हो जाता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि सेवानिवृत्त होने वाली सभी कार्यकर्ता-सहायिकाओं के लिए पेंशन व्यवस्था लागू की जाए और उनके सम्मान में सम्मान समारोह आयोजित किया जाए।
सरगुजा की भुनेश्वरी सिंह ने कहा कि सभी संगठनों का आपसी मतभेद भुलाकर एक साथ बैठना अत्यंत सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि अब सरकार से अधिकारों की लड़ाई एकजुटता के साथ लड़ी जाएगी। सभी को एक राय होकर नियमितीकरण की मांग पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
वहीं सुचिता मिश्रा ने कहा कि आज का दिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सभी संगठन एक मंच पर आकर सकारात्मक निर्णय ले रहे हैं, जो भविष्य में उनकी ताकत को और मजबूत करेगा। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों को इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए बधाई दी।
बैठक के दौरान 21 सूत्रीय एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें संभाग के सभी कार्यकर्ता-सहायिकाओं के प्रतिनिधिमंडलों का सम्मान, संघीय गुटबाजी से ऊपर उठकर एकजुटता के साथ कार्य करना, सभी जिलों की समस्याओं को सुनना और समाधान के लिए रणनीति बनाना शामिल है। इसके अलावा हड़ताल और धरना-प्रदर्शन जैसे आंदोलनों में पूरे संभाग की एकजुट भागीदारी, मासिक वर्चुअल बैठक, प्रत्येक छह माह में संभाग स्तरीय संयुक्त बैठक और गत गतिविधियों की समीक्षा कर आगे की रणनीति तय करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि संभाग स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा, जिसमें सभी जिलों की कार्यकर्ता-सहायिकाओं को जोड़ा जाएगा। साथ ही सभी संघों के परियोजना और जिला पदाधिकारियों का अलग ग्रुप भी तैयार किया जाएगा, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों और जानकारी का आदान-प्रदान आसानी से हो सके।
इसके अलावा मुख्यमंत्री, मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर मांगों को रखने, न्यायालय में याचिका दायर करने, दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल भेजने, अन्य राज्यों के आंगनबाड़ी संगठनों से जानकारी लेने तथा जिलों के कलेक्टर, जिला कार्यक्रम अधिकारी और परियोजना अधिकारियों के संपर्क नंबर एकत्रित करने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।
बैठक के अंत में सभी प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि अब सरगुजा संभाग के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करेंगी और सरकार के समक्ष अपनी मांगों को मजबूती से रखेंगी। यह बैठक संभाग में संगठनात्मक एकजुटता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।