सरगुजा

भीषण गर्मी में दोपहर की पाली में परीक्षा, विद्यार्थियों -पालकों में नाराजग़ी
14-Mar-2026 10:10 PM
भीषण गर्मी में दोपहर की पाली में परीक्षा, विद्यार्थियों -पालकों में नाराजग़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 14 मार्च। जिले में बढ़ती गर्मी के बीच कक्षा 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं दोपहर की पाली में आयोजित किए जाने से विद्यार्थियों और पालक वर्ग में नाराजग़ी बढ़ती जा रही है। परीक्षा की समय-सारणी में बार-बार बदलाव कर दोपहर में परीक्षा रखे जाने से छात्रों को तेज धूप और गर्मी के बीच परीक्षा देने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार जिले में ओपन परीक्षा केंद्रों का हवाला देते हुए पूरे जिले में 9वीं और 11वीं की परीक्षाएं दोपहर की पाली में कराई जा रही हैं। जबकि जिले में गिने-चुने विद्यालय ही ऐसे हैं जहां ओपन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बताया जा रहा है कि पूरे जिले में मुश्किल से 7 से 8 विद्यालयों में ही ओपन परीक्षा केंद्र संचालित हैं, लेकिन उन्हीं के आधार पर पूरे जिले के विद्यार्थियों की परीक्षा दोपहर में आयोजित की जा रही है।

पालक वर्ग का कहना है कि यह व्यवस्था व्यावहारिक नहीं है और इससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है। मार्च महीने में ही तापमान लगातार बढ़ रहा है और दोपहर के समय तेज गर्मी पड़ रही है। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए गर्मी में परीक्षा देना काफी कठिन हो रहा है। अभिभावकों का कहना है कि यदि परीक्षा सुबह की पाली में आयोजित की जाए तो विद्यार्थियों को काफी राहत मिल सकती है। कई पालकों ने बताया कि छोटे बच्चों को दोपहर की तेज धूप में परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में भी परेशानी हो रही है, जिससे वे शारीरिक रूप से थकान और असहजता महसूस कर रहे हैं।

इस मामले को लेकर पालक वर्ग ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए परीक्षा की समय-सारणी में संशोधन किया जाए और परीक्षाएं सुबह की पाली में आयोजित की जाएं। उनका कहना है कि यदि जल्द ही इस दिशा में निर्णय नहीं लिया गया तो इस विषय को लेकर आगे भी आवाज उठाई जाएगी।


अन्य पोस्ट