सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 10 मार्च। जनजाति सुरक्षा मंच सरगुजा द्वारा प्रस्तावित चलो दिल्ली अभियान के तहत आयोजित होने वाली जनजातीय गर्जना महारैली को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में उरांव सामाजिक भवन पटेलपारा अंबिकापुर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने और समाज में डीलिस्टिंग कानून को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए दिल्ली में आयोजित होने वाली डीलिस्टिंग जनजातीय गर्जना महारैली को ऐतिहासिक बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। साथ ही गांव-गांव जनसंपर्क बढ़ाकर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोडऩे का आह्वान किया गया।
जनजाति सुरक्षा मंच के मार्गदर्शक बीरबल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि धर्मांतरण के कारण जनजातीय समाज की मूल पहचान, परंपरा और अधिकारों पर संकट उत्पन्न हो रहा है। ऐसे में डीलिस्टिंग कानून बनना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आयोजित होने वाली यह महारैली इस विषय को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगी।
प्रांत सह संयोजक इन्दर भगत ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और टोला-टोला जाकर लोगों से संपर्क करने तथा उन्हें दिल्ली में आयोजित महारैली में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को इस आंदोलन से जोड़ा जाएगा, ताकि जनजातीय समाज की आवाज देश की राजधानी तक मजबूती से पहुंच सके।
इस अवसर पर जिला संयोजक बिहारीलाल उरांव सहित जनजाति सुरक्षा मंच के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।