सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 10 मार्च। अजीत वसंत ने मंगलवार को जिला ग्रंथालय का निरीक्षण कर वहां पाठकों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रंथालय में उपलब्ध पुस्तकों, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से बातचीत कर उन्हें कड़ी मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ग्रंथालय में उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और अनुपयोगी पुस्तकों व पुराने अखबारों को अपलेखित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने भारतीय संविधान की मूल प्रति का अवलोकन किया और कहा कि ग्रंथालय में आने वाले विद्यार्थियों व सदस्यों को भी संविधान की मूल प्रति देखने का अवसर दिया जाना चाहिए। साथ ही महत्वपूर्ण पुस्तकों को सुरक्षित रखने के लिए उनकी बाइंडिंग कराने के निर्देश दिए।
पाठकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने ग्रंथालय में पांच कंप्यूटर सिस्टम और दो प्रिंटर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों के बैठने के लिए आवश्यकतानुसार अच्छी कुर्सियों की व्यवस्था करने को कहा।
गर्मी के मौसम में विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ग्रंथालय कक्ष में चार एयर कंडीशनर लगाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा कलेक्टर ने ग्रंथालय के प्रथम तल पर एक बड़े हॉल के निर्माण के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा सहित ग्रंथालय के कर्मचारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।