सरगुजा

चंद घंटे में गुम नाबालिग बालक को पुलिस ने किया बरामद
09-Mar-2026 10:20 PM
चंद घंटे में गुम नाबालिग बालक को पुलिस ने किया बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 9 मार्च। सरगुजा जिले में गुम हुए एक नाबालिग बालक को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। गांधीनगर थाना पुलिस और डायल 112 की संयुक्त टीम की त्वरित कार्रवाई से बालक को सरगवां क्षेत्र से खोज निकाला गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 मार्च को बालक की मां ने थाना गांधीनगर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका बड़ा बेटा अपनी नानी के साथ घर पर था, इसी दौरान वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया। आसपास और परिचितों के यहां तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका पर  मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर गांधीनगर थाना पुलिस और डायल 112 की टीम ने तत्काल खोजबीन शुरू की। पुलिस टीम ने संवेदनशीलता के साथ आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया। संयुक्त प्रयासों के तहत नाबालिग बालक को सरगवां स्थित सकालो महर्षि विद्या मंदिर स्कूल के पास से कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में बालक ने बताया कि वह अपनी इच्छा से घर से निकल गया था और उसे घर का पता ठीक से नहीं पता था। किसी प्रकार की अनहोनी या घटना से उसने इनकार किया है।

पुलिस ने बालक को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने सरगुजा पुलिस का आभार व्यक्त किया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, डीसीसी प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश्वरी चौबे, महिला प्रधान आरक्षक फिलोमीना पन्ना, प्रधान आरक्षक संजीव कुमार त्रिपाठी, आरक्षक घनश्याम देवांगन, जगेश्वर मरकाम, अजय कुमार थवाईत, महेंद्र कुमार तथा चालक अमित तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


अन्य पोस्ट