सरगुजा
फूलों की होली, भजन-कीर्तन और 56 भोग के साथ भक्तिमय माहौल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 9 मार्च। सेक्टर-2 दत्ता कॉलोनी स्थित इस्कॉन प्रचार केंद्र में रविवार को गौर पूर्णिमा का महोत्सव भक्तिभाव के साथ मनाया गया। चैतन्य महाप्रभु के प्राकट्य उत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गौर-निताई के महाभिषेक से हुई। ब्रह्मा संहिता के मंत्रोच्चार के बीच भगवान का पंचामृत, ताजे फलों के रस, औषधियों और 108 पवित्र तीर्थों के जल से अभिषेक किया गया। इस दौरान केंद्र प्रभारी दयानिधि प्रभु और सह-प्रभारी हिरण्यगर्भ प्रभु की उपस्थिति में श्रद्धालुओं ने अभिषेक दर्शन किए।
महोत्सव के दौरान भगवान चैतन्य महाप्रभु की विशेष आरती उतारी गई। साथ ही वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विदेशों में रहने वाले भक्तों की सुरक्षा और विश्व शांति की कामना के लिए भगवान नृसिंह देव की आरती और स्तुति भी की गई।
कार्यक्रम में शास्त्रीय गायिका हिमानी त्रिपाठी ने कृष्ण भक्ति से जुड़े भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी सुमधुर गायन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। हरिनाम संकीर्तन के बीच श्रद्धालु भक्ति भाव से झूमते नजर आए।
महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण फूलों की होली रहा। संकीर्तन के दौरान करीब एक क्विंटल सुगंधित फूलों से भगवान का पुष्प अभिषेक किया गया और बाद में फूलों की होली खेली गई, जिसमें श्रद्धालु भक्ति के रंग में रंगे दिखाई दिए। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इस्कॉन केंद्र से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई। वहीं भक्त माताओं द्वारा तैयार किए गए 56 भोग भगवान को अर्पित किए गए।
इस अवसर पर केंद्र प्रभारी दयानिधि प्रभु ने अपने प्रवचन में कहा कि कलियुग में हरिनाम संकीर्तन ही मोक्ष का प्रमुख साधन है और इस्कॉन विश्वभर में गीता और हरिनाम के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर देवीगंज रोड स्थित दुर्गा बड़ी के पास ‘फूड फॉर लाइफ’ अभियान के तहत बड़ी संख्या में लोगों के बीच कृष्ण प्रसाद का वितरण किया गया।
महोत्सव में नगर निगम पार्षद मनोज गुप्ता, नीलिमा गोयल, शिवेश सिंह बाबू, हेमंत गोयल, राजकीर्ति जायसवाल, एस.डी. दुबे, राकेश पांडेय, कैलाश देवांगन, अमित देशमुख, सुशील गोयल और शार्दुल विक्रम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
-


