सरगुजा

घरेलू सिलेंडर 60 और कमर्शियल 115 रुपये महंगा, महंगाई से आम जनता परेशान-परवेज आलम
08-Mar-2026 9:05 PM
घरेलू सिलेंडर 60 और कमर्शियल 115 रुपये महंगा, महंगाई से आम जनता परेशान-परवेज आलम

अंबिकापुर, 8 मार्च। घरेलू और कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच केंद्र की सरकार ने एक बार फिर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है।

उन्होंने बताया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में 60 रुपये और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इससे जहां आम उपभोक्ताओं और गृहिणियों पर असर पड़ेगा, वहीं होटल, ढाबा, छोटे रेस्टोरेंट और अन्य व्यवसायों की लागत भी बढ़ेगी, जिसका प्रभाव अंतत: आम लोगों पर ही पड़ेगा।

परवेज आलम गांधी ने कहा कि पिछले तीन महीनों में ही कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में कुल 307 रुपये की वृद्धि हो चुकी है। लगातार हो रही इस बढ़ोतरी से छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग के लोगों की स्थिति कठिन हो गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें कम होने के बावजूद जनता को उसका लाभ नहीं दिया गया और अब महंगाई के बोझ तले दबे लोगों को और परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस सहित आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है।

परवेज आलम गांधी ने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की गृहिणियों पर पड़ता है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लिया जाए तथा महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।


अन्य पोस्ट