सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 मार्च। घरेलू एवं कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा द्वारा रविवार को प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गैस की बढ़ी कीमतों को वापस लेने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मध्यपूर्व में युद्ध की स्थिति बनने पर केंद्र सरकार ने दावा किया था कि देश में पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त भंडारण है और कीमतों में वृद्धि नहीं होगी, लेकिन 7 मार्च से घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये तथा कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 115 रुपये की वृद्धि कर दी गई है। यह बढ़ोतरी उज्ज्वला योजना के उपभोक्ताओं पर भी लागू की गई है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने केवल कीमतों में ही वृद्धि नहीं की, बल्कि दूसरे सिलेंडर की रिफिलिंग की अवधि भी 16 दिन से बढ़ाकर 21 दिन कर दी है, जिससे आम उपभोक्ताओं को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि सरकार चाहती तो करों में कटौती कर आम जनता को राहत दे सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
पुतला दहन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है और इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की छीनाझपटी भी हुई, जिसके बाद प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया।
इस अवसर पर दुर्गेश गुप्ता, संजय सिंह, अनूप मेहता, लोकेश कुमार, गुरुप्रीत सिद्धू, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, नीतीश चौरसिया, विकल झा, आलोक सिंह, अमित सिन्हा, हिमांशु जायसवाल, आशीष जायसवाल, अमित सिंह, विकास केशरी, सुरेंद्र गुप्ता, आकाश अग्रहरि, अली सोहेल, शिवराज सिंह, अंकित जायसवाल, ऋषभ जायसवाल, संजर नवाज, नवनीत सिंह, आयुष सोनी, आकाश यादव, आयुष, अंशु, अभिनव काशी, प्रमोद, सत्यम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।


