सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिश्रामपुर, 8 मार्च। बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स स्थित श्रीराम मोबाइल दुकान में सेंध मार कर हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए मोबाइल फोन सहित सेंधमारी में प्रयुक्त अवजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार माइनर्स कॉलोनी निवासी अमित कुमार सिंह ने 1 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 फरवरी की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने दुकान के पीछे सेंध मार कर 17 नग नए मोबाइल और 10 ग्राहकों के रिपेयरिंग के लिए रखे पुराने मोबाइल चोरी कर लिए थे। चोरी गए मोबाइलों की कुल कीमत करीब 2 लाख 70 हजार रुपये बताई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तालाबपारा निवासी अभिषेक गुप्ता उर्फ गोलू और विमल उर्फ नान को पकडक़र पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए मोबाइल बरामद कर लिए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश राठौर,सहायक उपनिरीक्षक विशाल मिश्रा,गुड्डू कुशवाहा, नवीन सिंह,अखिलेश पांडेय सहित अन्य पुलिस कर्मी सक्रिय रहे।


