सरगुजा

लैंड जिहाद के मामले में राजकटेल पहुंचे भाजपा जिला अध्यक्ष, पंडो समुदाय को दिया समर्थन
08-Mar-2026 9:00 PM
लैंड जिहाद के मामले में राजकटेल पहुंचे भाजपा जिला अध्यक्ष, पंडो समुदाय को दिया समर्थन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 8 मार्च। लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम राजकटेल में कथित भूमि अतिक्रमण के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया अपने समर्थकों एवं आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों के साथ गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पंडो विशेष पिछड़ी जनजाति के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों ने भाजपा प्रतिनिधिमंडल को बताया कि कुछ लोगों द्वारा उनकी भूमि पर कब्जा कर अवैध रूप से मकान निर्माण किया गया है तथा बड़ी मात्रा में कृषि भूमि पर भी जबरन खेती किए जाने की शिकायत है। भूमि विवाद को लेकर क्षेत्र में लगातार चर्चा बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और जातिसूचक गाली-गलौज भी की गई, जिसके संबंध में कुछ लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया है।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि पंडो समाज के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी उनके साथ खड़ी है और मामले में वैधानिक एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गरीब और आदिवासी समाज के लोगों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इधर प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रारंभ की है। सरगुजा कलेक्टर के निर्देशन में की गई जांच के बाद संबंधित लोगों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता की धारा 170-ख के तहत नोटिस जारी किया गया है। वहीं तहसील कार्यालय द्वारा धारा 250 के तहत भी नोटिस जारी किए जाने की जानकारी मिली है।

इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों और आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी जमीन और अधिकारों की लड़ाई में सभी लोग उनके साथ खड़े रहेंगे।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष मधुसूदन शुक्ला, जन्मेजय मिश्रा, आदिवासी मोर्चा जिला अध्यक्ष बिन्देश्वरी पैकरा, रवि उरांव, निलेश सिंह, कमलेश टोप्पो, अजित सिंह, दिनेश गुप्ता, धनंजय द्विवेदी, मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी, रवि महंत, भैयालाल साहू सहित पंडो समाज के सनमान पंडो, गणेश पंडो, रतन पंडो, रामधन पंडो, मुन्ना पंडो, बेचन राम पंडो, लाला गुलाब पंडो, कामेश्वर पंडो, प्राण गोपाल पंडो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट