सरगुजा

एटक का सपरिवार होली मिलन
03-Mar-2026 5:36 PM
एटक का सपरिवार होली मिलन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

विश्रामपुर, 3 मार्च। नगर के लाल मैदान में ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) से संबद्ध संयुक्त कोयला मजदूर संघ द्वारा क्षेत्रीय कार्यालय के समक्ष स्थित मैदान में पारंपरिक उत्साह के साथ ‘होलिका दहन एवं सपरिवार होली मिलन समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र के महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर एटक के केंद्रीय महासचिव का. अजय विश्वकर्मा, केंद्रीय उपमहासचिव का0 बी. धर्माराव, नगर पंचायत विश्रामपुर की अध्यक्षा  निर्मला यादव, राजेश यादव, दीपेंद्र सिंह, एस.के.पी. शिंदे (क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक), हरेंद्र तिवारी, राजेंद्र गुप्ता एवं माहकुल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक व खेल प्रतियोगिताओं ने बढ़ाया उत्साह

होलिका दहन के पावन अनुष्ठान के बाद पूरा वातावरण उत्सव के रंगों में सराबोर हो गया। समारोह में महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने जहां विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वहीं महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। सफल प्रतिभागियों को मुख्य अतिथियों द्वारा आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया।

‘अनेकता में एकता’ ही हमारी ताकत

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय महासचिव ने कहा कि वर्तमान सामाजिक परिवेश में होली जैसा पर्व आपसी मतभेदों और कड़वाहट को भुलाकर एकजुट होने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि अनेकता में एकता का जीवंत प्रतीक है।

कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों और नगरवासियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर तथा मिठाइयां बांटकर होली की शुभकामनाएं दीं। महाप्रबंधक डॉ. संजय सिंह ने श्रमिकों के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन कार्यसंस्कृति को सुदृढ़ करने के साथ सामाजिक संबंधों को भी मजबूती प्रदान करते हैं।


अन्य पोस्ट