सरगुजा
सीसी टीवी में कैद हुई घटना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 3 मार्च। शहर के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत हृदय स्थल वाटिका पारा में एक ही रात अज्ञात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। चोरों ने योगेश क्लॉथ स्टोर और जय माता दी एग्रो का शटर तोडक़र भीतर प्रवेश किया तथा नगदी सहित लाखों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात चोर शटर तोडक़र दुकान के अंदर घुसे और कैश काउंटर में रखी नगदी के साथ-साथ कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
इधर शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।