सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 3 मार्च। अंबिकापुर के नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत बहेरापारा में होली पर्व से एक दिन पूर्व होलिका दहन की रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गुस्से में आकर एक पुत्र ने अपने ही पिता की टांगी (कुल्हाड़ी) से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पुत्र को देर रात ही गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहेरापारा निवासी पारस केरकेट्टा (50 ) अपने अलग मकान में रहते थे। उनके घर के बीच दो किराए के मकान छोडक़र उनका पुत्र प्रभात केरकेट्टा उर्फ लेदा निवास करता था। बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे प्रभात शराब के नशे में घर पहुंचा, जिस पर पिता ने उसे फटकार लगाई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, विवाद के दौरान प्रभात ने घर में रखी टांगी निकालकर पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से पारस केरकेट्टा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने शव को घर के समीप बनी छोटी पानी की टंकी में डाल दिया। इसके पश्चात वह पास की दुकान से बिरयानी खाकर अपने घर लौटा और कंबल ओढक़र सो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस की टीम रात में ही मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के घर का दरवाजा खुलवाया, जहां वह सोता मिला। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने गुस्से में वारदात करना स्वीकार किया और घटना को ‘बाय मिस्टेक’ होना बताया।
सुबह घटना की जानकारी फैलते ही मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया। होलिका दहन की रात हुई इस हत्या ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार में पूर्व से तनाव की स्थिति थी और आरोपी युवक अक्सर शराब के नशे में रहता था।
बताया जाता है कि पारस केरकेट्टा के छह पुत्र थे, जिनमें से दो की पूर्व में ही मृत्यु हो चुकी है। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद ही घटना की सभी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। होली जैसे उल्लासपूर्ण पर्व के बीच घटी इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।


