सरगुजा
चालक ने की कुचलने की कोशिश, 10 मवेशी छुड़ाए, 6 लेकर फरार
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
लखनपुर, 3 मार्च। लखनपुर थाना क्षेत्र के तराजू गांव में शनिवार देर रात ग्रामीणों ने मवेशियों से भरे एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोक लिया। पूछताछ के दौरान पिकअप चालक ने कथित रूप से लोगों को कुचलने का प्रयास किया और वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना में साथ चल रही एक कार और मोटरसाइकिल को ग्रामीणों ने रोक लिया, जबकि कार सवार व्यक्ति वाहन छोड़कर भाग निकले।
ग्रामीणों के अनुसार रात करीब 10 बजे तस्करी की आशंका पर पिकअप, एक मोटरसाइकिल और एक कार को रोका गया था। इसी दौरान पिकअप चालक ने वाहन तेजी से भगाते हुए भीड़ को कुचलने की कोशिश की और फरार हो गया। ग्रामीणों का दावा है कि करीब 10 मवेशियों को वाहन से छुड़ा लिया गया, जबकि लगभग 6 मवेशी पिकअप में भरकर ले जाए गए।
सुबह गाड़ी मालिक बताए जा रहे व्यक्ति के गांव पहुंचने पर सरपंच और ग्रामीणों की मौजूदगी में मवेशियों से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इससे ग्रामीणों की शंका और गहरा गई।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हो सकी थी। मामले की जांच जारी है।


