सरगुजा
30 बच्चों का होगा नि:शुल्क हार्ट ऑपरेशन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 2 मार्च। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के तहत रविवार को मेडिकल कॉलेज की एमसीएच बिल्डिंग में जिला स्तरीय विशेष हृदय रोग जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल रायपुर के कार्डियोलॉजिस्ट विशेषज्ञों ने बच्चों की विस्तृत जांच की। स्क्रीनिंग के बाद 30 बच्चों को हृदय सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया है।
शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत महरिया, प्रबंधक उपेंद्र शुक्ला, खामेश्वर लहरे तथा ईको टेक्नीशियन वेदप्रकाश साहू की टीम ने 57 बच्चों की ईको जांच की। इनमें से 30 बच्चों में हृदय रोग के लक्षण पाए गए। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जेके रेलवानी, डॉ. केआर टेकाम, विभागाध्यक्ष डॉ. अविनाशी कुजूर, आरबीएसके के नोडल अधिकारी डॉ. केपी विश्वकर्मा एवं डीईआईसी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराग गुप्ता भी शिविर में मौजूद रहे और व्यवस्थाओं की निगरानी की।
शिविर में 1 से 14 वर्ष तक के 172 बच्चों का पंजीयन किया गया था, जिनमें से 57 बच्चों की हृदय ईको जांच संपन्न हुई। जांच में चिन्हित 30 बच्चों का नि:शुल्क सर्जरी उपचार रायपुर स्थित एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल में किया जाएगा। शेष पंजीकृत बच्चों की जांच आगामी शिविर में की जाएगी। शिविर के दौरान जिले के सभी विकासखंडों से चिरायु दल अपने-अपने हितग्राहियों के साथ उपस्थित रहे।
समय पर पहचान से सुरक्षित भविष्य
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीएस मार्को ने बताया कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और नि:शुल्क उपचार सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के विशेष शिविर आयोजित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समय रहते उपचार मिलने से बच्चों को स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य प्रदान किया जा सकता है।