सरगुजा

गांजा तस्करी, दो आरोपी गिरफ्तार
28-Feb-2026 10:30 PM
  गांजा तस्करी, दो आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 28 फरवरी। सरगुजा पुलिस के थाना गांधीनगर पुलिस दल ने गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 किलो 100 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी समेत कुल लगभग 75 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार 27 फरवरी को थाना गांधीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति एक्टिवा स्कूटी क्रमांक सीजी/15/डीजे/4318 की डिक्की में गांजा रखकर बनारस चौक से डिगमा की ओर बिक्री के उद्देश्य से जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी कर स्कूटी सवार दोनों युवकों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दिनेश थापा झारसुगुड़ा (ओडिशा), हाल मुकाम अजिरमा नेपालीपारा थाना गांधीनगर तथा विक्की तामंग निवासी झारसुगुड़ा (ओडिशा) बताया।

गवाहों की उपस्थिति में तलाशी लेने पर स्कूटी की डिक्की से 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 22 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उक्त गांजा ओडिशा से खरीदकर स्थानीय स्तर पर बिक्री के लिए ला रहे थे। पुलिस ने थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 112/26 के तहत धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।


अन्य पोस्ट