सरगुजा
पूर्व उपमुख्यमंत्री सिंह देव का जताया आभार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 फरवरी। राजीव गांधी पीजी कॉलेज, अंबिकापुर के ऑडिटोरियम में अत्याधुनिक एसी एवं आधुनिक साउंड सिस्टम स्थापित करने का कार्य प्रारंभ हो गया है। छात्रहित में यह पहल पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं अंबिकापुर के पूर्व विधायक व पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंह देव टी.एस. सिंहदेव द्वारा प्रदत्त 25 लाख रुपये की राशि से की जा रही है।
बताया गया है कि लंबे समय से छात्र ऑडिटोरियम में बेहतर तकनीकी सुविधाओं की मांग कर रहे थे। एनएसयूआई के प्रयासों के बाद पूर्व विधायक द्वारा 25 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई, जिसके तहत अब कार्य का क्रियान्वयन शुरू हो चुका है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद ऑडिटोरियम आधुनिक साउंड सिस्टम से सुसज्जित होगा और किसी भी व्याख्यान, सेमिनार, सांस्कृतिक कार्यक्रम या शैक्षणिक आयोजन के लिए बाहरी साउंड सिस्टम की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण उपलब्ध होगा तथा कॉलेज की गतिविधियाँ अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनेंगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस आरटीआई सेल चेयरमैन हिमांशु जायसवाल, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सतीश बारी, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष विकल झा, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष आशीष जायसवाल, सुरेंद्र गुप्ता तथा संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय से जुड़े पदाधिकारियों सहित अन्य छात्र प्रतिनिधियों ने छात्रहित में राशि उपलब्ध कराने पर टी.एस. सिंहदेव के प्रति आभार व्यक्त किया।