सरगुजा

37 वर्ष की सेवा के बाद अशोक कुमार सोनी सेवानिवृत्त, दी विदाई
28-Feb-2026 10:26 PM
 37 वर्ष की सेवा के बाद अशोक कुमार सोनी सेवानिवृत्त, दी विदाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 28 फरवरी। जल संसाधन संभाग क्रमांक 1, अम्बिकापुर में सहायक ग्रेड-2 के पद पर कार्यरत अशोक कुमार सोनी 37 वर्षों की दीर्घ एवं समर्पित सेवा के पश्चात सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर विभाग द्वारा एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

समारोह में अशोक कुमार सोनी को उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने उनके कार्यनिष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्य परायणता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में शासन के दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से किया और कार्य को सदैव प्राथमिकता दी।

एसडीओ डी.आर. ढीढी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अशोक सोनी ने हमेशा अधिकारियों के निर्देशों का पालन किया और अपनी दक्षता से विभाग को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं कार्यपालन अभियंता ए.पी. निरंजन ने कहा कि अशोक सोनी ने न केवल एक कर्मठ कर्मचारी के रूप में पहचान बनाई, बल्कि अपने व्यवहार और व्यक्तित्व से सभी का सम्मान अर्जित किया। उन्होंने कहा कि विभाग को उनके जाने का दु:ख है, किन्तु यह संतोष भी है कि वे बेदाग छवि के साथ सेवा पूर्ण कर नई पारी की शुरुआत कर रहे हैं।

अपने सेवा काल में अशोक कुमार सोनी ने विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं में सक्रिय योगदान दिया और विभागीय कार्यों को सफलतापूर्वक संपादित किया।

समारोह के अंत में अशोक कुमार सोनी ने भावुक शब्दों में सभी अधिकारियों एवं सहकर्मियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे भविष्य में भी विभाग से जुड़े रहकर अपने अनुभव साझा करने के लिए तत्पर रहेंगे।

इस अवसर पर एसडीओ वी.आर. साहू, एसडीओ ए.के. आर्मो, सब इंजीनियर आदित्य साहू, सलमान अंसारी सहित विभागीय स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम में उनकी पत्नी अंजू सोनी एवं परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हुए। समारोह का समापन उनके स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना के साथ हुआ।

 


अन्य पोस्ट