सरगुजा
पत्रकार व डॉक्टर से मारपीट, गाड़ी में तोडफ़ोड़, वीडियो फैला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 फरवरी। शहर के गुदरी चौक स्थित लक्ष्मी नारायण हॉस्पिटल के बाहर गुरुवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब अस्पताल परिसर से ट्रांसफार्मर हटाने के आदेश के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोग भडक़ उठे। सुबह से जारी विरोध प्रदर्शन शाम तक गहमा-गहमी में बदल गया। आक्रोशित लोगों के दबाव के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा और अंतत: ट्रांसफार्मर से विद्युत लाइन काटी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रशासनिक हस्तक्षेप में देरी और पूर्व में जारी आदेश पर अमल नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब अस्पताल के एक डॉक्टर की गाड़ी में तोडफ़ोड़ कर दी गई। वहीं, कवरेज कर रहे एक स्थानीय पत्रकार के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि हमले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोगों द्वारा पत्रकार के साथ मारपीट करते हुए जानलेवा हमला किया गया। यही नहीं वीडियो में डॉक्टर की कार में तोडफ़ोड़ करते हुए भी लोगों को स्पष्ट रूप से देखा गया। अस्पताल के चिकित्सक के साथ भी जमकर मारपीट की गई।
इस मामले को लेकर सुबह से ही पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। कोतवाली प्रभारी के साथ-साथ भारी संख्या में पुलिस बल स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जरूर खड़ा था, परंतु मारपीट और तोडफ़ोड़ की घटना के दौरान पुलिस विरोध करने वालों को नहीं रोक पाई। मामले की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे।
लोगों ने पुलिस पर मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाया। शाम लगभग 5 बजे तक अस्पताल के बाहर तनाव की स्थिति बनी रही।
थाने के सामने धरना, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
पत्रकार से मारपीट की घटना के विरोध में जिले के मीडिया कर्मी कोतवाली थाना पहुंच गए और थाने के सामने धरने पर बैठकर नारेबाजी की। पत्रकारों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
घटना की जानकारी मिलते ही एआईसीसी सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंह देव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सफी अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और पत्रकारों को समर्थन दिया। कांग्रेस नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि शहर की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला अस्वीकार्य है। उन्होंने पुलिस से तत्काल संज्ञान लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
फिलहाल मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है और शहर में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस द्वारा जांच और आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।


