सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 फरवरी। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र तिवारी ने छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए इसे आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने वाला विकासोन्मुखी बजट बताया है।
रविंद्र तिवारी ने कहा कि बजट में औद्योगिक प्रयोजन हेतु भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लैंड बैंक विकास योजना में विशेष प्रावधान किया गया है, जिससे प्रदेश में नए उद्योगों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा। साथ ही पूंजी निवेश पर सब्सिडी का प्रावधान उद्यमियों को प्रोत्साहित करेगा और राज्य में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करेगा।
उन्होंने कहा कि पिछला बजट जनकल्याण योजनाओं पर केंद्रित था, जबकि इस वर्ष का बजट स्पष्ट रूप से विकास और औद्योगिक विस्तार की दिशा में अग्रसर है। औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से व्यापार को गति मिलेगी, स्थानीय बाजार मजबूत होंगे और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
रविंद्र तिवारी ने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट छत्तीसगढ़ में औद्योगिक क्रांति का आधार बनेगा और राज्य के चहुंमुखी विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने इस दूरदर्शी बजट के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग पूर्ण समर्थन के साथ आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएगा।


