सरगुजा
अंबिकापुर, 24 फरवरी। अधिवक्ता संजीव कुमार सेठ ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 को जन विश्वास और जनहितैषी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा विधानसभा में पेश 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये का बजट राज्य के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण की दिशा में मजबूत कदम है।
संजीव कुमार सेठ ने बताया कि इस वर्ष बजट की थीम ‘संकल्प’ रखी गई है, जो सरकार की विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। बजट में किसानों को ब्याज मुक्त कर्ज देने की घोषणा और 18 वर्ष पूर्ण करने पर बालिकाओं को डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि बजट के तहत छत्तीसगढ़ सरकार पांच प्रमुख मिशनों पर कार्य करेगी, जिनमें मुख्यमंत्री एआई मिशन, मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन, मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन, मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन और मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन शामिल हैं। प्रत्येक मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे राज्य में नवाचार, रोजगार और आधारभूत ढांचे को नई गति मिलेगी।
अधिवक्ता सेठ ने कहा कि यह बजट आम जनता, किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आया है और राज्य को विकास की नई दिशा प्रदान करेगा।


