सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सीतापुर, 24 फरवरी। विकासखंड सीतापुर, जिला सरगुजा में किशोर-किशोरियों के कौशल विकास एवं जागरूकता हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्सपोजऱ विजिट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग सीतापुर के सहयोग से सी-3 संस्था द्वारा आयोजित इस ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में 59 किशोर-किशोरियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान जीवन कौशल विकास, निर्णय लेने की क्षमता बढ़ाने, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और बाल विवाह रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि जीवन में सही निर्णय लेने की क्षमता कैसे विकसित की जाए और व्यक्तिगत विकास के लिए किन कौशलों की आवश्यकता होती है।
सत्र में बाल विवाह के कारणों, उससे होने वाले दुष्परिणामों तथा बाल विवाह होने की स्थिति में रिपोर्टिंग प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि बाल विवाह की सूचना देने पर क्या कानूनी कार्रवाई होती है और दोषियों को किस प्रकार की सजा का प्रावधान है।
कार्यक्रम के अंत में सभी किशोर-किशोरियों ने बाल विवाह मुक्त भारत बनाने में अपनी सहभागिता और योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से दिलीप कुमार चंद्रा (बीपीएम), बसारत अली (ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, सी-3), स्मृति कुजूर, पुष्पलता दास एवं जसिंता मिंज (फील्ड कोऑर्डिनेटर, सी-3) उपस्थित रहे।


