सरगुजा

राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र पंडो जनजाति भी भूमि अतिक्रमण के शिकार- भाजपा जिलाध्यक्ष
24-Feb-2026 9:56 PM
राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र पंडो जनजाति भी भूमि अतिक्रमण के शिकार- भाजपा जिलाध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 24 फरवरी। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम राजाकटेल, चोड़ेया और माजा में अति विशेष जनजाति पंडो समाज की भूमि पर बाहरी लोगों द्वारा अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। भाजपा सरगुजा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने इस मामले को गंभीर बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

लखनपुर प्रवास के दौरान ग्राम राजाकटेल पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के समक्ष पंडो समाज के सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी व्यथा रखी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनकी पैतृक भूमि को धमकाकर और छलपूर्वक बाहरी लोगों ने हड़प लिया है, जिससे वे अपने ही गांव में निर्वासित जीवन जीने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि जिन जमीनों पर उनकी जीविका निर्भर थी, उन पर अब कई बाहरी लोगों का कब्जा हो चुका है। ग्रामीणों के अनुसार वर्षों से डर के कारण वे अपनी पीड़ा व्यक्त नहीं कर पाए, जबकि संविधान में आदिवासी भूमि के क्रय-विक्रय पर स्पष्ट प्रतिबंध है। इसके बावजूद षड्यंत्रपूर्वक 70 प्रतिशत से अधिक भूभाग पर कब्जा कर लिया गया है और कुछ मामलों में रजिस्ट्री व नामांतरण भी करा लिया गया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि पंडो समाज राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र माने जाते हैं और यह अत्यंत गंभीर विषय है कि उनकी पैतृक भूमि बाहरी लोगों के नाम पर कैसे चली गई। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार पहले बकरियां खरीदने आए लोगों ने आश्रय के नाम पर झोपड़ी बनाने की अनुमति ली थी, जो धीरे-धीरे पक्के मकानों में बदल गई और आज पंडो समाज की संख्या और भूमि दोनों ही घट गई हैं।

मौके से ही भाजपा जिलाध्यक्ष ने सरगुजा कलेक्टर और राजस्व अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर मामले से अवगत कराया और तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी एक-एक इंच जमीन का हिसाब होगा और उन्हें वापस दिलाई जाएगी। इस अवसर पर जिला महामंत्री विनोद हर्ष, दिनेश साहू, दिनेश गुप्ता, चंद्रिका यादव, निलेश सिंह, अजीत सिंह, जनमेजय मिश्रा, विजय व्यापारी, रवि महंत, दिनेश बारी, निशांत सिंह, आदि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट